पुलिस दबिश पर बवाल, परिजनों ने पुलिस से अभियुक्त को छुड़ाया, आरोपी फरार
मुजफ्फरनगर। जनपद में बुधवार को पुलिस दबिश के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस पर परिजनों ने हमला बोल दिया।
जानकारी के अनुसार, खतौली कोतवाली पुलिस देवीदास मोहल्ले में एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में वांछित पूर्व सभासद विनोद शेरवान की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने पहुंची थी। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से पकड़ भी लिया था, लेकिन इसी दौरान परिजनों ने मौके पर हंगामा करते हुए पुलिस के साथ हाथापाई और धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
इस दौरान परिजनों ने अभियुक्त को पुलिस हिरासत से छुड़ाकर फरार करा दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पूरी घटना किसी व्यक्ति द्वारा मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गई, जिसमें परिजनों द्वारा पुलिस से हाथापाई करते हुए अभियुक्त को छुड़ाने की तस्वीरें स्पष्ट देखी जा सकती हैं।
घटना के बाद पुलिस ने फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं, वहीं इस मामले में अभियुक्त के परिजनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस संबंध में सीओ खतौली रामाशीष यादव ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित अभियुक्त को पकड़ने पुलिस गई थी, जहां परिजनों द्वारा पुलिस से हाथापाई कर अभियुक्त को छुड़ा लिया गया। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
#Muzaffarnagar #Khatauli #UPPolice #NDPSAct #BreakingNews #AnujTyagiPost #RajsattaPost

