सम्राट चौधरी ने ली शपथ, बने बिहार के 24वें मुख्यमंत्री, प्रदेश की सियासत में बड़ा बदलाव
पटना: बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में नई जिम्मेदारी संभाल ली है। उन्हें बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण समारोह पटना के लोकभवन में आयोजित किया गया, जहां NDA के तमाम विधायक और विधान पार्षद उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के साथ हुई। इस दौरान राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहीं।
शपथ लेने से पहले सम्राट चौधरी ने पटना के बेली रोड स्थित हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह सीधे लोकभवन पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले नीतीश कुमार से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। यह दृश्य राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है।
सम्राट चौधरी पारंपरिक अंदाज में नजर आए। उन्होंने सफेद कुर्ता-पायजामा, नीली बंडी और कंधे पर केसरिया गमछा डाला हुआ था, जो उनकी राजनीतिक पहचान को दर्शाता है।
इस ऐतिहासिक मौके पर उनके पिता शकुनी चौधरी समेत पूरा परिवार भी मौजूद रहा और इस पल का साक्षी बना। सम्राट चौधरी का राजनीतिक सफर भी काफी तेजी से आगे बढ़ा है। वर्ष 2025 में उन्होंने मुंगेर के तारापुर विधानसभा सीट से जीत हासिल की थी, जिसके बाद उन्हें बिहार सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाया गया था।
मुख्यमंत्री पद तक पहुंचने की प्रक्रिया भी दिलचस्प रही। जब यह तय हुआ कि बिहार में मुख्यमंत्री भाजपा से होगा, तब पार्टी ने शिवराज सिंह चौहान को केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाकर पटना भेजा। भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया।
इसके बाद NDA विधायक दल की बैठक में खुद नीतीश कुमार ने उन्हें नेता घोषित करते हुए मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ कर दिया। इस फैसले को बिहार की राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, जहां भाजपा अब पहली बार राज्य की सत्ता में पूरी ताकत के साथ आगे बढ़ती नजर आ रही है।
नई सरकार के गठन के साथ ही अब प्रदेश की जनता को विकास, रोजगार और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर नई उम्मीदें हैं। आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि सम्राट चौधरी अपनी नई भूमिका में किस तरह से राज्य को आगे बढ़ाते हैं।
#BiharPolitics #SamratChoudhary #BJP #NDA #AnujTyagiPost #RajsattaPost

