चरथावल में शांति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ होलिका दहन
असलम त्यागी |चरथावल
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम होलिका दहन का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ पर्व मनाया।
रात्रि 9 बजे के बाद विभिन्न स्थानों पर विधि-विधान से होलिका दहन किया गया। बाजार कलां में राकेश पंडित जी एवं श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र में शांति की कामना की। ढोल-नगाड़ों की गूंज और बच्चों की भागीदारी से पूरा क्षेत्र भक्तिमय और उत्सवपूर्ण बना रहा।
पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए थाना चरथावल पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया के नेतृत्व में प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। गश्त के साथ-साथ सतर्क निगरानी भी रखी गई।
प्रशासन द्वारा पूर्व में क्षेत्र के गणमान्य लोगों के साथ बैठक कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई थी। नागरिकों ने भी जिम्मेदारी निभाते हुए सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाया।
बाजार कलां में होलिका दहन के दौरान मुख्य रूप से सुभाष त्यागी, डॉ. कृष्ण मोहन त्यागी, वरिष्ठ पत्रकार शक्ति देव त्यागी, नीरज त्यागी, सुरेश त्यागी, प्रभाष त्यागी, सचिन त्यागी, लड्डू बंसल, प्रवीण त्यागी, विजय (प्रेस वाले), दिव्यांशु त्यागी, संजीव उपाध्याय, शोभित त्यागी, कन्हैया त्यागी (मेंबर) सहित अन्य स्थानीय गणमान्य नागरिकों, महिलाओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी रही।
इस प्रकार चरथावल क्षेत्र में होलिका दहन का पर्व शांति, उल्लास और आपसी सद्भाव के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

