पालतू पिटबुल के हमले से युवक घायल, बना दहशत का माहौल, पीड़ित ने थाने थाने में दी तहरीर
असलम त्यागी | चरथावल
चरथावल। कस्बे के मोहल्ला छिपीयान में पालतू पिटबुल के हमले से एक युवक घायल हो गया। पीड़ित मनोज पुत्र नरेश रोजमर्रा की तरह रास्ते से गुजर रहे थे, तभी सोनू पुत्र कर्मसिंह द्वारा पाले गए पिटबुल ने अचानक उन पर हमला कर दिया। कुत्ते ने उनके पैर पर काट लिया, जिससे वह लहूलुहान हो गए।
आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह कुत्ते को काबू में किया। घटना के बाद परिजनों ने घायल मनोज को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के साथ एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि संबंधित कुत्ते को पहले भी कई बार खुला छोड़ा जाता रहा है, जिससे मोहल्ले में दहशत बनी हुई है। घटना से आक्रोशित मनोज ने थाना चरथावल पहुंचकर लिखित शिकायत दी और कुत्ते के मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं मोहल्ले के लोगों ने प्रशासन से खतरनाक नस्ल के कुत्तों पर नियंत्रण और सख्त नियम लागू करने की मांग की है।

