Anuj Tyagi
मोहित बेनीवाल ने विधान परिषद में उठाया भैंसवाल पुल–गंधेवड़ा नहर मार्ग चौड़ीकरण का मुद्दा
उत्तर प्रदेश विधान परिषद में शामली जनपद के भैंसवाल पुल से गंधेवड़ा नहर संगम (पूर्वी यमुना नहर पटरी मार्ग) तक सड़क के चौड़ीकरण का विषय प्रमुखता से उठाया गया। विधान परिषद सदस्य मोहित बेनीवाल ने सदन में इस मार्ग की खराब स्थिति का जिक्र करते हुए जल्द से जल्द सड़क को चौड़ा और मजबूत बनाए जाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यह मार्ग कई गांवों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है, लेकिन लंबे समय से संकरा और जर्जर होने की वजह से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए आवागमन प्रभावित होता है, खासकर फसल सीजन के दौरान किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में दिक्कत होती है।
मोहित बेनीवाल ने सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि सड़क के चौड़ीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और जिला मुख्यालय तक आवाजाही आसान व सुरक्षित बनेगी। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासनिक कार्यों और स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द सर्वे कराकर प्रस्ताव तैयार करने, बजट जारी करने और प्राथमिकता के आधार पर कार्य शुरू करने की मांग की। सदन में यह मुद्दा उठने के बाद क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से लंबित यह कार्य अब जल्द आगे बढ़ सकता है।

