हरिद्वार: मदरसे में 7 वर्षीय मासूम से दुष्कर्म, इमाम नासिर 24 घंटे में गिरफ्तार
हरिद्वार। झबरेड़ा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मदरसे में शिक्षा लेने गए 7 वर्षीय मासूम को उसी मदरसे के इमाम ने अपनी हवस का शिकार बना लिया। इस जघन्य कृत्य से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पीड़ित के परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही हरिद्वार पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की और विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही आरोपी नासिर पुत्र नसीर, निवासी सुल्तानपुर कुन्हारी, थाना लक्सर, जिला हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी पर कड़ी धाराओं में मुकदमा
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की कानूनी प्रक्रिया तेजी से की जा रही है।
इलाके में आक्रोश
इस घटना की जानकारी फैलते ही स्थानीय लोगों में गुस्सा है। लोग आरोपी को कड़ी से कड़ी सज़ा देने और ऐसे मामलों में त्वरित न्याय की मांग कर रहे हैं।

