ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में यातायात जाम की समस्या को सुलझाने के लिए प्राधिकरण ने तैयारी तेज कर दी है। शहर के दो सबसे व्यस्त स्थानों में एक परी चौक गोलचक्कर और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में यातायात को व्यवस्थित करने के लिए प्राधिकरण से स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर को यातायात समाधान की जिम्मेदारी सौंपी है।

एसपीए व्यापक अध्ययन करने के बाद शहर को जाम से राहत दिलाने के लिए लंबी अवधि के लिए कार्ययोजना तैयार करेगा। दरअसल अगले कुछ महीनों में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ाने शुरू हो जाएंगी। ऐसे में परी चौक और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में वाहनों की दबाव और बढ़ जाएगा।

एक्सपो मार्ट में होते हैं राष्ट्रीय- अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन

वर्तमान में परी चौक और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सुबह शाम जाम की स्थिति बन जाती है। नॉलेज पार्क में एक्सपो मार्ट में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन होते हैं। उस दौरान दिल्ली एनसीआर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़ आदि क्षेत्रों से काफी संख्या में वाहन पहुंचते हैं। माल ढुलाई के लिए भारी माल वाहक वाहन भी काफी संख्या में आते हैं।

इस कारण परी चौक समेत, पी-थ्री, अल्फा, कासना, नॉलेज पार्क, एलजी गोलचक्कर पर जाम की स्थिति बन जाती है। परी चौक शहर का प्रवेश द्वार है। यहां रैपिड रेल का स्टेशन भी प्रस्तावित है। ऐसे में वाहनों की संख्या और बढ़ेगी। इसी को ध्यान में रखते हुए स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर की ओर से सड़क का चौड़ीकरण, गोलचक्कर की डिजाइन, फुटओवर ब्रिज और वैकल्पिक मार्गों जैसे उपाय सुझाए जाएंगे।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेजी से हो रही बसावट

रैपिड रेल कॉरिडोर के कारण यहां अंडरपास बनाना व्यावहारिक नहीं है। वहीं दूसरी तरफ ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेजी से बसावट हो रही है। एक अनुमान के मुताबिक ग्रेनो वेस्ट में अगले एक दो वर्ष में डेढ़ से दो लाख की आबादी और बढ़ जाएही। इससे स्पष्ट है कि वाहनों का दबाव भी काफी बढ़ेगी। मौजूदा समय में ग्रेनो वेस्ट में हर दिन सुबह शाम जाम की समस्या रहती है।

ऐसे में एसपीए यहां फ्लाइओवर, अंडरपास, सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने और सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को मजबूत करने के विकल्पों का अध्ययन करेगी। हालांकि परी चौक के दबाव को कम करने के लिए एलजी गोलचक्कर से नॉलेज पार्क होते हुए नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे वे तक कनेक्टिविटी की जा रही है। एक्सप्रेस वे पर सेक्टर 146 के पास यह सड़क जुड़ेगी, जिससे काफी संख्या में वाहन परी चौक नहीं आएंगे।

ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट में आबादी लगातार बढ़ रही है। अगले कुछ महीनों में एयरपोर्ट का भी संचालन शुरू हो जाएगा। ऐसे में जाम की समस्या से निपटना बहुत जरूरी है। इसके लिए स्कूल आफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर से शहर के यातायात का अध्यय कराने की जिम्मेदारी सौंपी है, जो शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने में मदद मिलेगी। – एनजी रवि कुमार, सीईओ, ग्रेनो प्राधिकरण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *