बरेली। स्त्री… यदि कुछ ठान ले तो उसे पूरा करने में किसी भी हद तक जा सकती है। ऐसा ही एक मामला पुलिस भर्ती के दौरान सामने आया है। दो माह की गर्भवती महिला ने ठान लिया कि उसे पुलिस विभाग में जाना है। इसलिए वह भर्ती दौड़ में शामिल होने पहुंच गई।

महिला ने दौड़ शुरू की और निश्चित समय से 43 सेकंड पहले ही दौड़ पूरी कर ली। दौड़ में पास होने के बाद महिला के चेहरे पर खुशी का ठिकाना नहीं था। पीएसी ग्राउंड में उत्तर प्रदेश नागरिक पुलिस सीधी भर्ती परीक्षा संचालित हो रही है। इस परीक्षा में कुल 14990 अभ्यर्थियों को शामिल होना है।

कई अभ्‍यर्थी हुए शाम‍िल

इसमें बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर के अलावा हाथरस, फिरोजाबाद आदि जगहों के अभ्यर्थी भी शामिल हो रहे हैं। बुधवार सुबह दौड़ में शामिल होने के लिए रश्मि नाम की एक महिला पहुंची। वहां उसने बताया कि वह दो माह की गर्भवती है। यह सुनकर कुछ चौंके और कहा कि यदि गर्भवती हैं तो दौड़ेंगी कैसे।

डॉक्‍टर की सलाह से ही दौड़ में हुईं शाम‍िल

बाद में महिला ने कहा कि उन्होंने इस दौड़ के लिए अपने डॉक्टर से अनुमति ली है और वह लगातार प्रैक्टिस भी कर रहीं थीं। इसके बाद भर्ती में मौजूद डॉक्टरों की सलाह ली गई। उन्होंने कुछ प्रारंभिक जांच की और डॉक्टर की अनुमति से जांच कराई। सभी कुछ सही मिलने पर महिला को दौड़ने से पहले उससे स्व सत्यापित लेटर लिया गया। जिसमें उसने स्वयं पूरी जिम्मेदारी ली।

43 सेकंड पहले ही पूरी कर ली दौड़

रश्मि को 14 मिनट में 2.4 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी थी। उन्होंने दौड़ना शुरू किया और निश्चित समय से 43 सेकंड पहले ही उन्होंने 2.4 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर ली। दौड़ पूरी होते ही डॉक्टरों ने फिर से चेकअप किया और सभी कुछ ठीक होने पर राहत की सांस ली। महिला के चेहरे पर भी खुशी थी।

1052 अभ्यर्थियों को होना था शाम‍िल

बता दें कि बुधवार को दौड़ में शामिल होने के ल‍िए कुल 1052 अभ्यर्थियों को आना था। इसमें से केवल 1006 अभ्यर्थी ही शामिल हुए। 30 अभ्यर्थी अनुपस्थित हो गए। बाकी 16 ने अगली तिथि के लिए आवेदन किया है। पूरी दौड़ में 901 अभ्यर्थी पास और 105 अभ्यर्थी फेल हो गए। इसी दौरान विशाल कुमार नाम का एक युवक गिर गया जिससे वह चोटिल हो गया। चोट लगने पर विशाल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *