लखनऊ। ‘सर, पुष्पक एक्सप्रेस के यात्रियों के बारे में कोई जानकारी मिली है। कितने लोगों की जान गई है। हमारे परिवार वाले सही सलामत हैं?’ नेपाल के सलमान ने लखनऊ जंक्शन पर बनाई गई हेल्प डेस्क पर यह सवाल पूछा तो ड्यूटी पर तैनात चीफ टिकट इंस्पेक्टर अफजाल खान और राहुल कुमार ने बताया कि हमारे पास सिर्फ सात घायलों की ही सूची है।
उन्होंने बताया कि वे गोंडा, बहराइच, प्रयागराज और नेपाल के रहने वाले हैं। गोंडा के राहुल का भी सवाल था कि हमारे परिवारीजन भी पुष्पक एक्सप्रेस से मुंबई जा रहे थे। हमारी उनसे बात हुई है, वे कैसे वापस आएंगे। इस पर कर्मचारी ने जवाब दिया कि अभी वहां पर घायल हुए यात्रियों की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
लखनऊ में भी अलर्ट जारी
अभी यह बताना संभव नहीं है कि यात्रियों को वापस कब और कैसे लाया जाएगा। पुष्पक एक्सप्रेस में आग की अफवाह के बाद चेन खींचकर यात्रियों के कूदने के बाद लखनऊ में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। लखनऊ जंक्शन पर हेल्पलाइन डेस्क भी बना दी गई है और यात्रियों को जानकारी देने के लिए फोन नंबर 8957409292 भी जारी किया गया है।
अपनों के बारे में जानकारी जुटा रहे लोग
हेल्प डेस्क पर जानकारी करने के लिए करीब दो दर्जन से अधिक लोग लखनऊ जंक्शन पर भी आए। वे अपनों के बारे में जानकारी करने के लिए आ रहे थे। इसके अलावा बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, नेपाल के साथ ही प्रदेश के कई जिलों से करीब 150 कॉल आए और लोग पुष्पक एक्सप्रेस से गए अपनों के बारे में जानकारी का प्रयास करते रहे।
1400 यात्री थे सवार
लखनऊ से मुंबई जाने वाली 12533 मंगलवार की रात निर्धारित समय रात 9:25 बजे लखनऊ जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर दो से रवाना हुई थी। इस ट्रेन में करीब 1400 यात्री सवार थे और 23 बोगियां लगी थीं।
हेल्पलाइन नंबर पर जारी कर दिया है। लोग इस पर 24 घंटे फोन कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इस पर कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगा दी गई है। – महेश गुप्त, पीआरओ पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ
ऐसे हुआ था हादसा
महाराष्ट्र के जलगांव में मंगलवार की शाम को बड़ा हादसा हो गया था। लखनऊ से मुंबई जा रही पुष्पक एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैल गई थी। इससे ट्रेन में सफर कर रहे यात्री इतना डर गए कि वह चलती ट्रेन से ही कूदने लगे। बगल की पटरी पर कर्नाटक एक्सप्रेस आ रही थी। ट्रेन से कूदे लोगों को कर्नाटक एक्सप्रेस ने रौंद दिया।
अफवाह के बाद 30 से 40 लोग चलती ट्रेन से कूदे
बताया जा रहा है कि करीब 30 से 40 लोग अफवाह के बाद ट्रेन से नीचे कूद गए थे। यह हादसा जलगांव की पाचोरा तहसील के परधाड़े गांव के पास हुआ था। घटना में 11 लोगों की मौत हो गई थी। बता दें कि पुष्पक एक्सप्रेस मुंबई सीएसटी की ओर जा रही थी, तभी यह हादसा हो गया।

