महंगा पड़ेगा जंगल में महफिल सजाना, रेड अलर्ट जारी
कोटद्वार। नए साल के जश्न के दौरान यदि वन क्षेत्र में महफिल सजाई तो कड़ी कार्यवाही तय है। दरअसल, वन व वन्यजीवों की सुरक्षा के चलते लैंसडौन वन प्रभाग व कालागढ़ टाइगर रिजर्व वन प्रभाग में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। इस दौरान वन सीमा से सटे क्षेत्रों में नए साल के जश्न मनाने वालों पर वन विभाग की कड़ी निगाह रहेगी।
जैसे-जैसे दिसंबर माह समाप्ति की ओर है, वन विभाग में गश्त तेज होने लगी है। नए साल के जश्त के दौरान वन क्षेत्र में कोई घटना न हो, इसके लिए वन महकमा वन क्षेत्र में कड़ी नजर रखे हुए है। बिना इजाजत के वन क्षेत्र में प्रवेश करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
दरअसल, जहां लैंसडौन वन प्रभाग कार्बेट टाइगर रिजर्व व राजाजी नेशनल पार्क के मध्य में अवस्थित है। वहीं, प्रभाग की कोटड़ी रेंज और कालागढ़ टाइगर रिजर्व फारेस्ट वन प्रभाग की पाखरो रेंज उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर से लगी हुई है। कालागढ़ टाइगर रिजर्व फारेस्ट वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी राहुल मिश्रा ने बताया कि बिजनौर जिले की सीमा से लगे क्षेत्र में गश्त तेज कर दी गई है।
बगैर अनुमति किसी को वन क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं है। इधर, लैंसडौन वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार ने बताया कि विभागीय विश्राम गृहों को बाहरी व्यक्ति को रात्रि विश्राम के लिए नहीं दिया जा रहा है। बताया कि लैंसडौन वन प्रभाग व कालागढ़ टाइगर रिजर्व फारेस्ट की संयुक्त टीम पूरे क्षेत्र में कड़ी नजर रखे हुए है। क्षेत्र में वाहनों की चैकिंग तेज कर दी गई है। साथ ही पूरे क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर निगाह रखी गई है।

