बरेली। शहर के पहले महापौर और भोजीपुरा विधानसभा सीट से विधायक रहे कुंवर सुभाष पटेल का सोमवार सुबह निधन हो गया। वह 76 वर्ष के थे। मौजूदा समय में वह भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य थे।
वह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता, ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष समेत पार्टी के विभिन्न पदों पर भी रहे। वर्ष 1991 में भोजीपुरा विधानसभा सीट पर 18 माह विधायक रहे। इसके बाद वर्ष 1995 में नगर निगम के पहले महापौर के रूप में शपथ ली। मेयर काउंसिल के अध्यक्ष भी रहे।
निधन की खबर के बाद भाजपा नेता पहुंचे
बीते कुछ समय से बीमार होने के कारण उनका इलाज चल रहा था। सोमवार सुबह करीब 5:00 बजे उन्होंने नेकपुर स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनकी पुत्रवधू रश्मि पटेल मौजूदा जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। दो बेटे सीमांत पटेल और प्रशांत पटेल हैं। उनके निधन पर भाजपा नेता समेत अन्य लोग श्रद्धांजलि देने उनके घर पहुंचने लगे।

