हल्द्वानी। धनतेरस पर्व के पांच दिन पहले से ही सराफा बाजार में रौनक छा गई है। सोना-चांदी के दाम बढ़ने के बावजूद ग्राहकों में आभूषणों खरीदने की होड़ मची है।
अक्टूबर माह में ही अब तक चार बार सोना व चांदी के दाम बढ़ चुके हैं। जिसमें सोने में 2900 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। जबकि चांदी में सीधे 10 हजार रुपये प्रति एक किलोग्राम की बढ़ोत्तरी हुई है।
हल्द्वानी सराफा बाजार में वर्तमान में 22 कैरेट सोने के दाम 73400 रुपये प्रति 10 ग्राम व चांदी के एक लाख दो हजार रुपये प्रति एक किलोग्राम चल रहे हैं। वहीं सराफा कारोबारियों की मानें तो अभी और दाम बढ़ने की उम्मीद है। इसलिए ग्राहकों की ओर से पहले ही आभूषणों की एडवांस बुकिंग कराई जा रही है।

ग्राहक अभी से करने लगे खरीदारी

एडवांस बुकिंग कराते समय सोने व चांदी के दाम जितने हैं, उन्हें उतने ही दाम में आभूषण व कच्चा माल दिया जा रहा है। सराफा कारोबारियों की मानें तो धनतेरस, दीपावली पर्व के बाद फिर सहलग सीजन शुरू हो जाएगा। इसको लेकर भी ग्राहक अभी से खरीदारी करने लगे हैं।

ग्राहकों को लुभाने के लिए सराफा कारोबारी सोने के ज्वैलरी की मेकिंग में 21 प्रतिशत छूट व डायमंड की ज्वैलरी में पूरी मेकिंग छूट दी जा रही है। धनतेरस पर्व को लेकर लोग सोने के आभूषण, सिक्के, ईंट आदि कच्चा माल खरीद रहे हैं।

अक्टूबर में इतनी बार बढ़े सोना चांदी के दाम

  • तिथि – सोना (22 कैरेट) – चांदी
  • 1 अक्टूबर – 70500 रुपये – 92000
  • 16 अक्टूबर – 71400 – 93000
  • 21 अक्टूबर – 73000 – एक लाख
  • 24 अक्टूबर – 73400 – 102000

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *