पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के दिशा निर्देश पर 25 अगस्त को देवबंद आएगा सपा का छह सदस्य प्रतिनिधि मंडल
दुष्कर्म पीड़िता के परिवार से मुलाकात करेगा सपा का प्रतिनिधिमंडल
पुलिस पूरे मामले में पहले ही भेज चुकी है आरोपियों को जेल
सहारनपुर, देवबंद।
देवबंद में युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के दिशा निर्देश पर पार्टी हाई कमान ने छह सदस्य प्रतिनिधि मंडल नियुक्त किया है। नियुक्त प्रतिनिधिमंडल में दो विधायक समेत सपा के जिला अध्यक्ष और अन्य नेता है। नियुक्त प्रतिनिधि मंडल 25 अगस्त को देवबंद पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेगा और प्रदेश अध्यक्ष के माध्यम से अखिलेश यादव को पूरे मामले की रिपोर्ट भेजेगा।
अयोध्या रेप कांड में घिरी सपा भाजपा के खिलाफ अब कोई भी मुद्दा नहीं छोड़ रही है। जिन मामलों में पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर दी गई है और दोषी लोगों को जेल भेज दिया गया है, ऐसे छोटे से छोटे मामले भी चुन चुन कर सपा उठा रही है और भाजपा की लखनऊ से लेकर दिल्ली की राजनीति में घेराबंदी कर रही है। अब ताजा मामला देवबंद में विगत एक माह पूर्व युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले मे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के दिशा निर्देश पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने छह सदस्य प्रतिनिधि मंडल नियुक्त किया है। 25 अगस्त को पीड़ित परिवार से मिलेगा और पूरे मामले में प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई की रिपोर्ट तैयार करेगा। इसके बाद यह रिपोर्ट सपा प्रदेश अध्यक्ष के माध्यम से राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भेजी जाएगी।
ये रहेंगे प्रतिनिधिमंडल में शामिल

सपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा घोषित प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद, विधायक आशु मलिक, विधायक उमर अली खान, प्रदेश सचिव मांगेराम कश्यप, विधानसभा प्रभारी कार्तिकेय राणा, हाजी नवाब अंसारी महानगर अध्यक्ष सहारनपुर शामिल किए गए हैं। सपा का प्रतिनिधि मंडल पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद स्थानीय अधिकारियों से भी वार्ता करेगा।
सपा कर रही है ओछी राजनीति: गजराज राणा
भाजपा ने पूरे मामले में सपा पर गंदी राजनीति करने का आरोप लगाया है। भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष गजराज राणा ने कहा कि भाजपा के रहते ही पीड़ित परिवार की सुनवाई हुई। दोषी लोगों को जेल भेजा गया। उन्होंने आरोप लगाया सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बौखला गए हैं और वह भाजपा को बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं। जिसका जीता जागता उदाहरण उक्त प्रकरण है, क्योंकि जब पुलिस पूरे मामले आरोपियों को जेल भेज चुकी है तो अब इस मुद्दे पर राजनीति कर सपा पीड़ित परिवार की इज्जत उछालने का काम कर रही है।
पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव के हस्तक्षेप के बाद हुआ मुकदमा: कार्तिकेय राणा
सपा के विधानसभा प्रभारी कार्तिकेय राणा ने कहा भाजपा में महिला सुरक्षित नहीं है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हस्तक्षेप के बाद ही पीड़ित परिवार को न्याय मिला, इसके बाद जाकर मुकदमा दर्ज हुआ है। उन्होंने कहा भाजपा हर समाज हर वर्ग के खिलाफ काम कर रही है।
रिपोर्ट प्रशांत त्यागी

