चरथावल में कथित फर्जी डॉक्टर का क्लीनिक स्वास्थ्य विभाग टीम ने किया सील, छापेमारी के बाद आरोपी फरार
सोशल मीडिया पर ‘एमडी’ बताकर प्रचार करने का आरोप, मेडिकल केयर सेंटर भी सील
राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के कस्बा चरथावल मे कथित रूप से बिना वैध चिकित्सकीय डिग्री के चिकित्सा कार्य करने और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार करने के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। एसीएमओ महक सिंह और एसीएमओ डॉ. अजय सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को दोबारा चरथावल पहुंचकर कथित डॉक्टर ताहिर के क्लीनिक पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान क्लीनिक को सील कर दिया गया, जबकि संबंधित व्यक्ति मौके से फरार बताया गया।
बताया गया कि ताहिर द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर खुद को ‘एमडी’ बताते हुए चिकित्सकीय सेवाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था। इसके माध्यम से मरीजों को आकर्षित किए जाने की शिकायतें स्वास्थ्य विभाग तक पहुंची थीं। शिकायतों के आधार पर विभागीय टीम पहले भी मौके पर पहुंची थी, लेकिन उस समय संबंधित व्यक्ति के मौके से चले जाने की बात सामने आई थी।
इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोबारा कार्रवाई की। टीम ने मौके पर पहुंचकर क्लीनिक की जांच की और उसे सील कर दिया। विभाग द्वारा उपलब्ध दस्तावेजों और चिकित्सा संबंधी व्यवस्थाओं की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि संबंधित व्यक्ति की चिकित्सकीय योग्यता, पंजीकरण और सोशल मीडिया पर ‘एमडी’ लिखने के दावे की वास्तविकता दस्तावेजों की जांच के बाद स्पष्ट होगी।
इसी कार्रवाई के दौरान मेडिकल केयर सेंटर, चरथावल को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील कर दिया। दोनों स्थानों पर कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिना पंजीकरण अथवा निर्धारित मानकों के संचालित बताए जा रहे चिकित्सा प्रतिष्ठानों में हड़कंप मचा हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग की लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं की आड़ में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसता दिखाई दे रहा है। विभाग द्वारा अन्य चिकित्सा प्रतिष्ठानों की भी जांच किए जाने की संभावना है। वहीं, कथित डॉक्टर ताहिर के फरार होने के संबंध में विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की स्थिति जांच और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर स्पष्ट होगी।

