देवरिया। मईल थानाक्षेत्र के सरयू नदी के भागलपुर पुल पर मंगलवार की आधी रात को हादसा हो गया। महाकुंभ में स्नान के लिए पिकअप से जा रहे व्यापारी का सिर भागलपुर पुल पर लगे हाइट गेट बैरियर से टकरा गया। हादसे के बाद स्वजन में खलबली मच गई।
सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तिलौली गांव के रहने वाले सतीश गुप्ता पुत्र स्व.अभिमन्यु गुप्ता सब्जी के थोक व्यापारी थे। मंगलवार की आधी रात को वह अपने चाचा तेज नारायण गुप्ता व अपनी पत्नी के साथ पिकअप पर सवार होकर प्रयागराज कुंभ स्नान करने के लिए जा रहे थे। अभी भागलपुर पुल के समीप पहुंचे थे।
सतीश ने थूकने के लिए जैसे ही अपना सिर बाहर निकाला, उनका सिर पुल पर चढ़ने से पहले लगाए गए हाइट गेट बैरियर से टकरा गया। जिससे सिर में गंभीर चोट लग गई। कान और नाक से खून निकलने लगा। गंभीर घायल में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ केंद्र लाया गया, जहां डाक्टरों ने सतीश गुप्ता को मृत्यु घोषित कर दिया।
भारी वाहनों पर है प्रतिबंध, इसलिए लगा है हाइट गेट बैरियर
भागलपुर पुल पर भारी वाहनों और ओवर लोडेड वाहनों के प्रतिबंध के कारण भागलपुर पुल के दोनों छोर पर हाइट गेट बैरियर लगाया गया है। जिससे भारी वाहनों का प्रवेश न हो सके।
सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मृत्यु
भटनी क्षेत्र चकउर खिरिया गांव के पास सोमवार की देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर में बाइक सवार युवक की मृत्यु हो गई। इसके बाद परिवार में मातम छा गया। क्षेत्र के बलुआ अफगान बिन्दवालिया टोला गांव निवासी सोमवार की देर शाम भटनी से घर जा रहे थे। वे चकउर के पास पहुंचे थे,तभी उनकी बाइक में किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया।
हादसे में गजानंद निषाद उर्फ़ अंगूर निषाद पुत्र रामनक्षत्र निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंचे स्वजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटनी ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी काजल देवी का रो रोकर बुरा हाल है।
मार्ग दुर्घटना में दो घायल
लार रोड – लार रामजानकी मार्ग पर भरौली गांव के सामने अपने बहन के घर बढ़या हरदो जा रहे भलुअनी थाना अंतर्गत फुलवरिया निवासी हरिकेश यादव व संदीप यादव अनियंत्रित होकर बाइक पलटने से घायल हो गए।आस-पास के लोग लार रोड ले गये जहां प्राइवेट अस्पताल में उपचार कराया गया।

