गाजियाबाद। वार्ड संख्या 19 और वार्ड संख्या 21 के पार्षदों के निधन के बाद रिक्त दो सीटों पर आज उपचुनाव हो रहा है। सुबह आठ बजे से मतदाता वोट कर रहे हैं।
सुबह नौ बजे तक वार्ड संख्या 19 में 2.96 और वार्ड संख्या 21 में 4.56 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया है। दोनों सीटों पर कुल सात प्रत्याशी चुनाव के मैदान में हैं। मतदान के दौरान एक पोलिंग बूथ पर ईवीएम की बैट्री में दिक्कत थी, उसको बदलवा दिया गया है।

मतदान के लिए बने हैं 23 पोलिंग बूथ

दोनों सीटों पर उपचुनाव के लिए कुल 23 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। प्रत्येक पोलिंग बूथ पर चार मतदान अधिकारियों की एक टीम बनाई गई हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी रणविजय सिंह ने बताया कि वार्ड संख्या – 19 में 13,232 मतदाता और वार्ड संख्या- 21 में 13,084 मतदाता ईवीएम के जरिए वोट कर आज अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

19 दिसंबर को आएंगे नतीजे

वार्ड संख्या – 19 के पटेलनगर, मुकंद नगर में उपचुनाव के लिए गुरुनानक गर्ल्स इंटर कॉलेज, सेठ मुकंदनगर इंटर कॉलेज, दयानंद बाल मंदिर स्कूल में कुल 12 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। वार्ड संख्या – 21 के भोवापुर में उपचुनाव के लिए प्राथमिक विद्यालय हसनपुर, पुलिस मार्डन स्कूल, कौशांबी कॉन्वेंट पब्लिक स्कूल, रेन बसेरा कौशांबी को पोलिंग बूथ बनाया गया है।

शाम को मतदान संपन्न होने के बाद ईवीएम को कलक्ट्रेट परिसर स्थित स्ट्रांग रूप में जमा किया जाएगा। 19 दिसंबर को कलक्ट्रेट परिसर में ही मतों की गिनती कर नतीजे घोषित किए जाएंगे। मतदाताओं से अपील है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।

वार्ड संख्या – 19

        प्रत्याशी का नाम – दल

  • रेखा                  कांग्रेस
  • रंजीता               भाजपा
  • प्रियंका हांडा     असपा
  • राजकुमारी       निर्दलीय

वार्ड संख्या – 21

    प्रत्याशी का नाम   दल

  • ओमप्रकाश     कांग्रेस
  • बिन्नू राम        भाजपा
  • रीमा गौतम     निर्दलीय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *