बोले कार्यकर्ता – सड़क का चौड़ीकरण होना चाहिए
सहारनपुर, देवबंद
उत्तर प्रदेश सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने जिला महामंत्री डॉ. पवन सवाई के आवास पर आयोजित बैठक में शामिल हुए। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें देवबंद की समस्याओं से अवगत कराया।
भारतीय जनता पार्टी जिले के मीडिया प्रभारी नितिन गुप्ता ने बताया कि कल शाम सहारनपुर के जिला प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय का देवबंद आगमन हुआ। उनके साथ भाजपा के जिला अध्यक्ष डॉ महेंद्र सैनी भी मौजूद थे। जिला महामंत्री डॉ पवन सवाई के निवास पर जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्य अतिथि योगेन्द्र उपाध्य व महेंद्र सैनी का पटका पहनाकर व पुष्प गुच्छ भेटकर स्वागत किया।
भाजपा जिला मंत्री विपिन भारतीय द्वारा प्रभारी मंत्री को देवबंद से लगे हुए टोल प्लाजा से हो रही समस्या से अवगत कराया। नितिन गुप्ता ने कहा कि कुछ दिनों पूर्व टोल कर्मियों ने मीडिया कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया था। जिस कारण जिले भर के मीडिया कर्मियों ने टोल पर धरना दिया था और व्यापारी एवं आम जनता उनसे त्रस्त हैं। आम जनहित में देवबंद को टोल मुक्त किया जाना चाहिए।
साथ ही साथ छात्रों के हित में राजकीय डिग्री कॉलेज देवबंद में साइंस एवं बायोलॉजी की क्लास को शुरू कराना भी अनिवार्य है। जिसकी मांग काफी वर्षों से की जा रही है। पूर्व मंडल अध्यक्ष अशोक वर्मा ने जीतगिरी मंदिर के सामने की सड़क का चौड़ीकरण का मुद्दा भी उठाया।
सभी समस्याओं को सुनकर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वह जल्द ही इन समस्याओं का निराकरण कराने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर अवगत कराकर निराकरण कराएंगे। जिससे उनके प्रभारी जिले का भी पूर्ण विकास हो सके। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने माँ श्री त्रिपुर बाला सुंदरी सिद्ध पीठ मंदिर में दर्शन कर देवी माँ का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान रॉबिन मित्तल, डॉ नरेश सवाई, बिरम सिंह सैनी, रॉबिन अग्रवाल मौजूद रहे।
प्रशांत त्यागी

