दो वर्ष पूर्व हुआ था विवाह, ससुराल पक्ष पर लगा हत्या का आरोप,पुलिस ने गांव पहुंच कर महिला के शव को कब्जे में लिया
साहनपुर/ देवबंद।
संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। घटना की सूचना पर मृतक विवाहिता के परिवार के लोगों ने ससुराल पक्ष पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मामले की जांच आरंभ कर दी है।

कोतवाली क्षेत्र के गांव भाटोल में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। बताया जाता है कि थाना नागल क्षेत्र के गांव नौजोंली निवासी संजना उर्फ छोटी का विवाह दो वर्ष पूर्व देवबंद के गांव भाटोल निवासी विवेक के साथ हुआ था। शादी के बाद संजना ने लव और कुश नाम के दो बेटों को जन्म दिया था। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उसकी बेटी को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर परेशान कर रहे थे। रोजाना मानसिक शारीरिक शोषण किया जाता था। इसी रंजिश के चलते बृहस्पतिवार को ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। जिसकी खबर उन्हें आसपास के लोगों ने फोन पर दी। आरोप है की मृतक संजना के गले पर चोट के निशान भी हैं हत्या से पहले ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी पिटाई भी की है।

उधर, देवबंद प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया की मायके पक्ष के लोगों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
प्रशांत त्यागी

