मेरठ के भगवान पुर में शनिवार रात को कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया. हाईटेंशन लाइन की चपेट में डाक कांवड़ियों का डीजे आने से पांच कांवड़ियों की मौत हो गई. वहीं एक दर्जन से अधिक कांवड़िए झुलस गए. बताया गया कि जिस समय हादसा हुआ उस समय डीजे में करीब 17 से अधिक कांवड़िए मौजूद थे.
डाक कांवड़ के साथ चल रहे डीजे के हाईटेंश लाइन की चपेट में आते ही कांवड़िए करंट की चपेट में आ गए. इनमें से कई नीचे गिर पड़े. वहीं, अन्य कांवड़ियों में चीख पुकार मच गई. आनन फानन में झुलसे लोगों को अस्पताल ले जाया गया. यहां पांच कांवड़ियों को मृत घोषित कर दिया गया.
घायल कावड़ियों ने बताया कि हादसा रात 8.30 बजे के आसपास हुआ है.
सूचना मिलने पर तत्काल डीएम और एसएसपी मौके पर पहुंचे। घायलों को गंगानगर के आईआईएमटी, मेरठ के आनंद अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।



