मथुरा। भारत-पाक के बीच चल रहे तनाव के बाद धर्म की नगरी पूरी तरह हाई अलर्ट मोड पर आ गई है। प्रशासनिक एवं अन्य विभागों की संयुक्त बैठक के बाद सिविल पुलिस पूरी तरह एक्टिव हो गई है। जिले की सीमा में हाईवे और यमुना एक्सप्रेस-वे पर 100 से अधिक मोर्चे बनाए गए हैं। इसी तरह चेकपोस्ट भी बनाए गए हैं। आवश्यकता पर इनसे पुलिस मोर्चा लेगी।
जिले के सभी प्रमुख मंदिरों एवं उसके आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाए पाक ने भारत पर हमला बोल दिया है। सेना उसको करारा जवाब दे रही हैं। भारत-पाक युद्ध के हालात को लेकर जिले की पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। शासन एवं रक्षा मंत्रालय से जारी होने वाली गाइडलाइन के अनुरूप काम तेज कर दिया है।
सौ से अधिक मोर्चे बनाए गए
पूरे जिले के सभी थाना क्षेत्रों में हाईवे, यमुना एक्सप्रेस-वे एवं अन्य प्रमुख मार्ग पर 100 से अधिक मोर्चे बनाए गए हैं। टोल पर चेकपोस्ट बनाए गए हैं। हाईवे पर हर डेढ़ किलोमीटर दायरे में एक मोर्चा बनाया गया है। हर थाना क्षेत्र में करीब पांच-पांच मोर्चा बनाए गए हैं। गुरुवार की शाम से ही प्रशासन व पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई। जिलेभर में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को सुरक्षा का अहसास कराया।
प्रमुख मंदिरों की सुरक्षा बढ़ी
श्रीकृष्ण जन्मस्थान समेत सभी प्रमुख मंदिरों के अंदर और आसपास क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। होटलों एवं धर्मशालाओं में चेकिंग की जा रही है।
एंबुलेंस एवं पेट्रोलिंग भी अलर्ट मोड पर
हाईवे एवं यमुना एक्सप्रेस-वे के टोल पर तैनात एंबुलेंस एवं पेट्रोलिंग वाहनों को भी अलर्ट कर दिया गया है। उपचार से संबंधित दवाएं पर्याप्त मात्रा में मंगा ली गई हैं, ताकि जरूरत पर तत्काल प्राथमिक उपचार किया जा सके।
स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम
पुलिस ने आपरेशन जाग्रति के जरिए युद्ध को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। कालेज और स्कूलों में हर दिन जागरूकता कार्यक्रम हो रहे हैं। इनमें सायरन बजने पर क्या करना है और सुरक्षा के क्या उपाय करने हैं, से भी अवगत कराया जा रहा है। किसी भी संदिग्ध के प्रतीत होने पर तत्काल पुलिस को जानकारी देने के लिए भी कहा जा रहा है। शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर शहर की पुलिस खासी अलर्ट रही। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस तैनात की गई थी।